
संभावित चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, उत्तराखंड में 27 से 30 जनवरी के बीच आचार संहिता लागू हो सकती है। वहीं, 5 से 10 मार्च के बीच मतदान कराने की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है। चुनावी कार्यक्रम को मार्च की शुरुआत तक रखने के पीछे बोर्ड परीक्षाओं का भी अहम पहलू माना जा रहा है।
दरअसल, फरवरी से मार्च के बीच विभिन्न बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित होनी हैं। सरकारी स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाने के साथ ही शिक्षक और अन्य कर्मचारी चुनावी ड्यूटी में भी अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में चुनाव और बोर्ड परीक्षाओं के बीच किसी तरह का टकराव न हो, इसके लिए तारीखों के निर्धारण में सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से भी जनवरी के अंतिम सप्ताह में आचार संहिता लागू करने का संभावित प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराने का खाका सामने आ रहा है। हालांकि, यह अभी संभावित कार्यक्रम है और चुनाव की वास्तविक तारीखें निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होंगी।

इस बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को भी तीन चरणों में कराने की संभावनाओं की चर्चा है। ऐसे में पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड में मतदान कराए जाने का संभावित आकलन भी सामने आ रहा है। फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।
उत्तराखंड की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 28 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। इससे पहले चुनावी प्रक्रिया पूरी कर नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू करनी होगी। ऐसे में आने वाले महीनों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के साथ ही निर्वाचन संबंधी तैयारियों में भी तेजी आने की संभावना है।
अब सबकी नजर चुनाव आयोग के आधिकारिक ऐलान पर है, जिससे उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तारीखों, चरणों और चुनावी कार्यक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।













Leave a Reply