देहरादून में आधी रात गोलियों की गूंज: पुलिस एनकाउंटर में बदमाश ढेर, दरोगा घायल

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को ढेर कर दिया। इस दौरान थाना प्रभारी भी गोली लगने से घायल हो गए।

तमंचे की नोक पर लूट, विरोध करने पर मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, थाना प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट की है। बदमाश गुजरात नंबर की काले रंग की कार में सवार थे।
पीड़ित देवराज ने बताया कि बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब 2 लाख रुपये, मोबाइल, डायरी और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। विरोध करने पर उसे गोली मार दी गई।

पुलिस ने किया पीछा, जंगल में हुई मुठभेड़

सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर संदिग्ध कार जंगल की ओर जाती दिखाई दी।

पुलिस के करीब पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल में भागने लगे।

मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर, थाना प्रभारी घायल

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली थाना प्रभारी प्रेमनगर निरीक्षक नरेश राठौर को लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को गोली मार दी, जो गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बदमाश, पीड़ित और थाना प्रभारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बदमाश को मृत घोषित कर दिया गया।

पूरे जिले में नाकाबंदी, फरार बदमाशों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पूरे देहरादून जिले में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

फरार बदमाशों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है और पुलिस द्वारा पूछताछ व आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!