देहरादून। जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले खाद्य विभाग के 11 कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला पूर्ति कार्यालय से जुड़े इन कर्मचारियों के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी न तो जनगणना ड्यूटी पर पहुंचे और न ही प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार नगर निगम देहरादून क्षेत्र में जनगणना कार्य के लिए पहला प्रशिक्षण 21 से 23 अप्रैल तक आयोजित किया गया था, जबकि दूसरा प्रशिक्षण 30 अप्रैल को तय किया गया था। इसके बावजूद खाद्य एवं पूर्ति विभाग के कई कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में भाग नहीं लिया।
जिन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है उनमें लोकेश पंत, श्रीमहाजन, मयंक सिंह, पंकज कुमार, संदीप बलूनी, होशियार सिंह, मोहन भट्ट, आनंद सिंह, आंचल, रजत नेगी और विनोद कुमार के नाम शामिल हैं।
आरोप है कि इन कर्मचारियों ने जनगणना तैनाती आदेश और जनगणना बस्ता तक प्राप्त नहीं किया। मामले में सहायक अभियंता नगर निगम रमेश बिष्ट की तहरीर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर हरिओम राज चौहान ने मुकदमा दर्ज कराया है।
सहायक अभियंता के अनुसार मामले को लेकर उच्च अधिकारियों को भी पत्र भेजे गए थे। वहीं जनगणना कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों के स्थान पर अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई।











Leave a Reply