देहरादून : देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में चर्चित सृष्टि कंडारी मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के आरोप हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट (श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल) ने कोतवाली डोईवाला में लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था।
आरोप है कि विवाह के बाद से ही सृष्टि को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में पति, सास और ननद पर सृष्टि की हत्या करने का आरोप लगाया गया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मु.अ.सं. 223/26 के तहत धारा 80(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष जांच टीम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने विवेचना क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी और उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
मृतका का वीडियो बना अहम साक्ष्य
जांच के दौरान पुलिस ने वादी पक्ष और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने घटना से पहले भेजा था।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में सृष्टि ने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। पुलिस ने इस वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया।
पति और ननद गिरफ्तार
जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर 1 अगस्त 2026 को पुलिस ने हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
- सौरभ खत्री (36 वर्ष), पुत्र स्व. मनोहर खत्री, निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला, देहरादून।
- सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष), पुत्री स्व. मनोहर खत्री, निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला, देहरादून।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply