लोकायुक्त भूल गई भाजपा? याद दिलाने RRP पहुंची बादाम लेकर, पुलिस ने रास्ते में रोका

देहरादून: लोकायुक्त गठन के लंबे समय से लंबित वादे को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (RRP) ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय कूच किया। नेहरू कॉलोनी स्थित फव्वारा चौक से सुबह 10 बजे निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर बीच रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना देकर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “लोकायुक्त दो, वादा निभाओ” जैसे नारे लगाए। बाद में मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार सुरेश सेमवाल को पार्टी नेताओं ने ज्ञापन सौंपा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के लिए बादाम का गिफ्ट हैंपर भेंट किया। अधिकारियों द्वारा ज्ञापन पहुंचाने का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त किया गया।

RRP के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2017 में सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर लोकायुक्त गठन का वादा किया था, लेकिन 9 साल बीत जाने और दोबारा सरकार बनने के बावजूद अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से सरकार को उसका वादा याद दिलाने पहुंची थी।

प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कहा कि बादाम भेंट कर पार्टी ने प्रतीकात्मक रूप से सरकार को “याददाश्त ताजा करने” का संदेश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द लोकायुक्त का गठन नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

उत्तराखंड आंदोलन प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला पटवाल ने कहा कि लोकायुक्त के बिना भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है और उत्तराखंड आंदोलन की मूल भावना को जीवित रखने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

पार्टी ने प्रदेश की अन्य राजनीतिक पार्टियों और सामाजिक संगठनों से भी इस मुद्दे पर समर्थन देने की अपील की है।

कार्यक्रम में शिवप्रसाद सेमवाल, सुलोचना ईष्टवाल, भगवती प्रसाद नौटियाल, भगवती प्रसाद गोस्वामी, ऊषा डोभाल, अनिल डोभाल, पंकज उनियाल, सुरेन्द्र चौहान, सुशीला पटवाल, बसंती गोस्वामी, योगानंद उनियाल, मीना थपलियाल, रजनी कुकरेती, मंजू रावत, यशोदा रावत, सुमन रावत, शांति चौहान, आशा चौहान, दुर्गा नौटियाल, सत्यप्रकाश गौड़, सुरेशानंद डोभाल, रघुवीर सिंह बिष्ट, शैलेंद्र नैगी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!