Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज पद्मश्री जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
कैबिनेट बैठक में उपनल कर्मचारियों के समान कार्य-समान वेतन, उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने, चारधाम यात्रा में घोड़ा-खच्चरों के बीमा, अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली, संस्कृत शिक्षा नियमावली संशोधन समेत कई अहम फैसलों पर मुहर लगी।
Uttarakhand Cabinet Meeting 2026 के प्रमुख फैसले
1. उत्तराखंड बना पूर्ण साक्षर राज्य
माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने का निर्णय लिया। सरकार के अनुसार राज्य की साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है।
2. उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत
समान कार्य-समान वेतन के लाभ के लिए निर्धारित कटऑफ तिथि 12 नवंबर 2018 से बढ़ाकर 15 अगस्त 2024 कर दी गई है। इससे बड़ी संख्या में उपनल कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
3. संस्कृत शिक्षा नियमावली-2026 को मंजूरी
कैबिनेट ने उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी दी। इसके तहत संस्कृत विद्यालयों की मान्यता, पाठ्यक्रम निर्धारण और परीक्षा संचालन व्यवस्था में बदलाव किए जाएंगे।
4. बिटुमेन की बढ़ती कीमतों पर सरकार की नजर
लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रस्ताव पर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण बढ़ी बिटुमेन कीमतों के प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्था विकसित करने का निर्णय लिया गया।
5. आबकारी विभाग में कर संबंधी राहत
होलोग्राम के दोहराव की स्थिति में अब दोहरा कर नहीं लगेगा। केवल एक बार ही टैक्स वसूला जाएगा।
6. हर्बल और सगंध उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा
सेलाकुई स्थित सगंध केंद्र में मिलावट जांच की सुविधा विकसित की जाएगी। इसके लिए पांच नए पदों को भी मंजूरी दी गई है।
7. अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली को मंजूरी
उत्तराखंड में International Himalayan Car Rally के आयोजन को स्वीकृति दी गई। आयोजन की जिम्मेदारी मद्रास की एक संस्था को सौंपी जाएगी। रैली में करीब 50 अंतरराष्ट्रीय कारों के शामिल होने की संभावना है।
8. कारागार नियमावली में संशोधन
गृह विभाग के प्रस्ताव पर उत्तराखंड कारागार नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई।
9. कारागार अधीनस्थ सेवा नियमावली को स्वीकृति
राज्य की जेल व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कारागार अधीनस्थ सेवा नियमावली को भी मंजूरी दी गई।
10. राज्य आंदोलनकारियों को भर्ती में राहत
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक और पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2024 में प्रमाण पत्र समय पर न बनने वाले राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को दस्तावेज सत्यापन में एक बार विशेष राहत दी जाएगी।
11. चारधाम यात्रा में घोड़ा-खच्चर संचालकों को सहायता
चारधाम यात्रा में संचालित घोड़ा-खच्चरों के लिए सरकार 5 प्रतिशत बीमा दर के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराएगी।
12. दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए नई तकनीक
पशुपालन विभाग के प्रस्ताव पर एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक आधारित गौवंश पायलट परियोजना को मंजूरी दी गई, जिससे दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बैठक की शुरुआत श्रद्धांजलि के साथ
कैबिनेट बैठक में सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और पद्मश्री जसपाल राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों और अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूड़ी का प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसेवा में योगदान अविस्मरणीय है। वहीं जसपाल राणा ने अपनी खेल प्रतिभा से उत्तराखंड और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
धामी सरकार की इस कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसले शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, कृषि, पशुपालन और चारधाम यात्रा जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्रभावित करेंगे। विशेष रूप से उपनल कर्मचारियों को राहत और उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने का निर्णय सबसे अधिक चर्चा में है।













Leave a Reply