DM के आदेश पर देर रात शराब दुकानों में हड़कंप, कहीं ओवररेटिंग तो कहीं स्टॉक रजिस्टर में मिली गड़बड़ी

देहरादून: शराब की दुकानों पर निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बिक्री यानी ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम के निर्देश पर जिला प्रशासन की अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने बुधवार देर रात देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों पर एक साथ सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया।

अभियान के दौरान कई दुकानों पर ओवररेटिंग, स्टॉक रजिस्टर अपडेट न होने, अनधिकृत सेल्समैन, रेट लिस्ट चस्पा न होने और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर प्रदर्शित न होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद एवं हर्षिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह तथा उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक भी टीमों के साथ मौजूद रहे।

आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत की पुष्टि

सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी एवं उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में दुकानों की जांच की गई। आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत की पुष्टि हुई। जांच के दौरान दुकान पर रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध अभिलेखों से मिलान नहीं हो सके। इसके अलावा दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी पाए गए और निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा नहीं मिली। टीम ने स्टॉक और बिक्री से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की।

प्रेमनगर में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं, अनधिकृत सेल्समैन मिले

उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रेमनगर स्थित एक शराब की दुकान का स्टॉक रजिस्टर अद्यतन नहीं पाया गया। दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी मिले। टीम ने स्टॉक और संबंधित अभिलेखों की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की।

जाखन और राजपुर रोड में भी सामने आईं अनियमितताएं

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद एवं हर्षिता सिंह के नेतृत्व में जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र की शराब की दुकानों पर छापेमारी की गई। कई दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। कुछ दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा नहीं थी, अनधिकृत सेल्समैन पाए गए और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर भी प्रदर्शित नहीं मिला।

जांच के दौरान ओवररेटिंग के मामले भी सामने आए। टीम को विक्रेताओं की ओर से भी ओवररेटिंग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन की टीमों ने दुकानों में स्टॉक, बिक्री अभिलेख, बैच नंबर, निर्धारित बिक्री दर, रेट लिस्ट, सेल्समैन की वैधता और शिकायत नंबर के प्रदर्शन समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच की।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, अनधिकृत व्यक्तियों से बिक्री कराने और अभिलेखों में अनियमितता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

देर रात चले इस विशेष अभियान से शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों पर आगे भी आकस्मिक एवं सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!