पत्नी की रीलों से तंग पति ने कर डाला ‘श्राद्ध’! हरिद्वार VIDEO पर संत समाज में उबाल

हरकी पैड़ी के पास आस्था से खिलवाड़ का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अपनी पत्नी की तस्वीर पर थूकने के बाद उसे गंगा में प्रवाहित करता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, वीडियो में वह गंगा में पिंड डालता हुआ भी नजर आ रहा है।

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से बेहद नाराज था और इसी गुस्से में उसने जिंदा पत्नी का प्रतीकात्मक पिंडदान कर डाला। हालांकि वीडियो की सत्यता और दावों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

इस वीडियो के सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों और धार्मिक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। हरकी पैड़ी को करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बताते हुए धार्मिक गुरुओं ने इसे सनातन परंपराओं का अपमान बताया है।

तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने कहा कि गंगा तट पर इस तरह की हरकत किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना धर्म और आस्था दोनों के खिलाफ है। साथ ही उन्होंने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।

श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने भी वायरल वीडियो की निंदा करते हुए कहा कि आजकल रील और व्यूज की दौड़ में लोग धार्मिक स्थलों का मजाक बना रहे हैं, जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!