देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून एवं राष्ट्रीय आपदा चेतावनी पोर्टल (National Disaster Alert Portal) द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के आधार पर जनपद देहरादून में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय (सहायता प्राप्त) एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
कार्यालय जिलाधिकारी/जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा जारी आदेश के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए यह निर्णय विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए एहतियात के तौर पर 10 जुलाई 2026 को जनपद के सभी विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने अधीन आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
आदेश की मुख्य बातें
- तारीख: 10 जुलाई 2026
- जनपद: देहरादून
- अवकाश: कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय
- प्रभावित संस्थान: सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालय एवं सभी आंगनबाड़ी केंद्र
- कारण: भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली एवं रेड अलर्ट













Leave a Reply