देहरादून | जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति और पेयजल गुणवत्ता जांच में लापरवाही पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सख्त नाराजगी जताई है। विकास भवन सभागार में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित पेयजल योजनाओं को जल्द पूरा कर हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
सीडीओ ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि हर ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित और साफ पानी पहुंचाना है। उन्होंने मानसून से पहले सभी गांवों में पेयजल गुणवत्ता जांच और हर घर जल सर्टिफिकेशन पूरा करने के निर्देश दिए।
🔹 डोईवाला में जांच कार्य शुरू न होने पर नाराजगी
विकासखंड डोईवाला में पेयजल गुणवत्ता जांच कार्य शुरू न होने पर सीडीओ ने संबंधित इंजीनियरों से स्पष्टीकरण तलब किया।
🔹 नल जल मित्रों को मिले जिम्मेदारी और मानदेय
सीडीओ ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षित नल जल मित्रों को मास्टरोल के आधार पर मानदेय देकर योजनाओं के रखरखाव में लगाया जाए। साथ ही उन्हें जल गुणवत्ता परीक्षण किट का प्रशिक्षण भी दिया जाए।
🔹 गांवों में प्लास्टिक वेस्ट उठान की बने व्यवस्था
स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक वेस्ट संग्रहण के लिए रूट चार्ट और वाहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सामने आए आंकड़े
▪️ फेस-2 की 760 योजनाओं में से 734 पूरी
▪️ 26 योजनाएं बजट के अभाव में लंबित
▪️ 585 गांवों में हर घर जल सर्टिफिकेशन पूरा
▪️ 117 गांवों में पानी की गुणवत्ता जांच पूरी
▪️ 42 नल जल मित्रों को प्रशिक्षण दिया गया
बैठक में जल संस्थान, जल निगम, शिक्षा विभाग, वन विभाग समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply