देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। शहर के पठरिया पीर क्षेत्र स्थित विजय कॉलोनी की नई बस्ती में एक पुश्ता अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान देर रात मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
रात करीब 9:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार (11 जुलाई) रात करीब 9:30 बजे पठरिया पीर क्षेत्र की विजय कॉलोनी स्थित नई बस्ती में भारी बारिश के कारण पुश्ता ढह गया। पुश्ते का मलबा नीचे बने मकानों पर गिरने से चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक सूचना में एक महिला के मलबे में दबने की बात सामने आई थी, जिसके बाद राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया।
महिला घायल, अस्पताल में उपचार के बाद हालत सामान्य
हादसे में नई बस्ती विजय कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय श्रीमती विमला देवी, पत्नी स्वर्गीय बृजेश, को हल्की चोटें आईं। उन्हें 108 एंबुलेंस सेवा की सहायता से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने संभाली कमान
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और अधिकारियों को प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस, एसडीआरएफ और बचाव दल ने चलाया अभियान
सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया। कोतवाली नगर पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए तत्काल अभियान चलाया। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।
प्रशासन ने खाली कराए आसपास के मकान
संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पुश्ते के समीप स्थित सभी मकानों को खाली करा दिया है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है और क्षेत्र में किसी को भी रहने की अनुमति नहीं दी गई है।
तकनीकी जांच के दिए गए निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को पुश्ते की तकनीकी जांच कराने, क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने और आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।













Leave a Reply