Advertisement

रामनगर में हैवानियत की आशंका! मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती गर्भवती, पुलिस जांच में जुटी

नैनीताल/रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में मानसिक रूप से अस्वस्थ 25 वर्षीय युवती के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। युवती के गर्भवती होने के बाद घटना का खुलासा हुआ। युवती ने होली के आसपास रामनगर में दो-तीन लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात बताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपों की पुष्टि के लिए पड़ताल की जा रही है।

काशीपुर में दर्द से तड़पती मिली युवती

जानकारी के अनुसार, पिछले करीब आठ से नौ महीनों से युवती रामनगर के अलग-अलग क्षेत्रों में घूमती दिखाई दे रही थी। हाल ही में उसे काशीपुर रोडवेज बस अड्डे के पास दर्द से परेशान हालत में देखा गया। इसकी सूचना सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल को दी गई।

सूचना मिलने पर मुकेश सुयाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को चिकित्सकीय सहायता दिलाई। डॉक्टरों की जांच में युवती के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई।

हल्द्वानी के अस्पताल में कराया भर्ती

युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई, ताकि घटना की जांच की जा सके और युवती को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई हो।

युवती ने रामनगर में दुष्कर्म किए जाने की बात कही

सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल के मुताबिक, युवती बातचीत के दौरान खुद को पौड़ी गढ़वाल का निवासी बता रही थी। मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती ने होली के आसपास रामनगर में दो-तीन लोगों द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की बात कही।

युवती के बयान के आधार पर पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस ने कही सख्त कार्रवाई की बात

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला सेल को भी इसकी जानकारी दी जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल ने घटना पर रोष जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है। युवती के आरोपों की पुष्टि और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!