नहीं रहे उत्तरकाशी के पहले IAS अधिकारी चंद्र सिंह, सादगी और ईमानदारी की छोड़ गए मिसाल

देहरादून। उत्तरकाशी जिले के भंकोली गांव निवासी एवं उत्तरकाशी के पहले आईएएस अधिकारी रहे चंद्र सिंह का गुरुवार को देहरादून स्थित उनके नेहरू कॉलोनी आवास पर निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर किया जाएगा।

चंद्र सिंह वर्ष 1986 बैच के उत्तराखंड कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी थे। प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनकी अंतिम तैनाती लोक निर्माण विभाग (PWD) में अतिरिक्त सचिव के पद पर रही, जहां उन्होंने 1 नवंबर 2000 से 31 अगस्त 2002 तक अपनी सेवाएं दीं।

अपनी सादगी, ईमानदारी और जनहित के प्रति समर्पित कार्यशैली के कारण चंद्र सिंह प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। उन्हें उत्तरकाशी जिले के पहले आईएएस अधिकारी बनने का गौरव भी प्राप्त था।

उनके निधन की खबर से प्रशासनिक, सामाजिक और बौद्धिक जगत में शोक की लहर है। विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!