बारिश का नया अलर्ट: उत्तराखंड के इन जिलों में अगले 6 दिन बिगड़ सकता है मौसम

देहरादून। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले छह दिनों तक और मैदानी जिलों में आगामी तीन दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

आज इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 8 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गर्जन वाले बादल सक्रिय रह सकते हैं। वहीं देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर समेत अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

9 और 10 जून को बढ़ेगा बारिश का दायरा

मंगलवार, 9 जून को भी पर्वतीय जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार, 10 जून से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन अधिकांश पर्वतीय जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।

11 जून को कुमाऊं मंडल में अधिक सक्रिय रहेगा मौसम

गुरुवार, 11 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से कुमाऊं मंडल के बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं अन्य जिलों में भी हल्की वर्षा के आसार बने हुए हैं।

12 और 13 जून को पूरे प्रदेश में बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 जून को राज्यभर में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों ने पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मौसम अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की है। बारिश और गर्जन के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!