अपने ही बने दुश्मन: बुजुर्ग माताओं को घर से निकाला, भरण-पोषण में केस दर्ज

देहरादून,  जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जनसामान्य द्वारा भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, अतिक्रमण, मारपीट, भरण-पोषण, आपदा क्षतिपूर्ति, आर्थिक सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कुल 190 शिकायतें दर्ज कराई गईं।

प्राप्त शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए विधिसम्मत एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मानवीय पीड़ा और सामाजिक अन्याय के मामलों पर प्रशासन संवेदनशील

जनता दरबार के दौरान कई ऐसी करुण कहानियाँ सामने आईं, जिनमें निराश्रित, असहाय और पीड़ित नागरिकों ने अपनी व्यथा प्रशासन के समक्ष रखी। अपर जिलाधिकारी ने गंभीर मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

विधवाओं के उत्पीड़न पर सख्त रुख

80 वर्षीय असहाय विधवा कांता देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके दोनों पुत्रों ने उन्हें घर से बेघर कर दिया है तथा उनकी स्वयं की भूमि पर झोपड़ी तक नहीं बनाने दी जा रही। इस गंभीर मामले में एसडीएम सदर को भरण-पोषण एवं वरिष्ठ नागरिक संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार डोईवाला निवासी 85 वर्षीय कमला देवी एवं चंद्रबनी निवासी विधवा पुष्पा देवी ने पुत्र एवं पुत्रवधू द्वारा मारपीट कर घर से निकालने और संपत्ति हड़पने की शिकायत की। दोनों मामलों में भी भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद पंजीकृत करने के आदेश दिए गए।

कैंसर पीड़ित पति के इलाज में बेची जमीन, मौत के बाद विधवा से कब्जा

डोईवाला निवासी 56 वर्षीय विधवा सुनीता देवी अपनी छोटी बेटी के साथ जनता दरबार पहुंचीं। उन्होंने बताया कि कैंसर पीड़ित पति के इलाज के लिए उन्होंने एक बीघा भूमि विक्रय की थी, लेकिन पति की मृत्यु के बाद संबंधित व्यक्ति ने उनकी शेष भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया। इस प्रकरण में एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस को संयुक्त जांच कर पीड़िता को भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए गए।

चिकित्सा, शिक्षा और आपदा से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई

एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद संक्रमण से पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सरकारी अस्पताल में समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
वहीं सहस्रधारा निवासी विकास कुमार द्वारा आर्थिक तंगी के चलते विद्यालय फीस माफी की मांग पर संबंधित विभाग को सहानुभूतिपूर्वक परीक्षण कर निर्णय लेने को कहा गया।

अवैध कब्जे, मुआवजा और जनसमस्याओं पर कार्रवाई

उददीवाला निवासी विक्रम सिंह एवं भाऊवाला निवासी दिलवर सिंह ने निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। ग्राम पंचायत भीतरली एवं शिवाया एन्क्लेव, सहस्रधारा रोड में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर अधिग्रहित भूमि के मुआवजे को लेकर प्यारेलाल द्वारा सर्किल दर के अनुसार भुगतान की मांग पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नालियों की समस्या पर नगर निगम को फटकार

डीएल रोड चौक से नालापानी रोड एवं रिस्पना क्षेत्र में नालियों में मलबा भरने से गंदा पानी सड़कों पर आने की शिकायत पर उप नगर आयुक्त को तत्काल नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में ये अधिकारी रहे मौजूद

जनता दरबार में एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौडियाल, डीपीओ जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!