तीसरी मंजिल से गिरकर मौत या हत्या? नवविवाहिता केस की हर कड़ी जांच के घेरे में

देहरादून : राजधानी दिल्ली में 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसका शव लोधी कॉलोनी थाना क्षेत्र के पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स में मिला। शुरुआती जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, जबकि मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

शादी को हुए थे केवल ढाई महीने

जानकारी के अनुसार, आकृति की शादी 24 अप्रैल को पुष्प विहार निवासी आरस्तु सिक्का से हुई थी। यह लव-कम-अरेंज मैरिज थी। शादी के बाद वह पति के साथ पुष्प विहार में रह रही थी।

मृतका छतरपुर स्थित एक निजी कंपनी में सेल्स टीम में कार्यरत थी, जबकि उसका पति फिलहाल बेरोजगार बताया जा रहा है।

मौत से पहले मां से हुई थी आखिरी बातचीत

शनिवार शाम करीब 6 बजे आकृति ने दफ्तर से निकलने के बाद अपनी मां को फोन किया। करीब 6:40 बजे उसने दोबारा कॉल कर बताया कि वह साकेत पहुंच गई है।

इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। कुछ समय बाद पति ने आकृति के भाई को फोन कर उसके लापता होने की जानकारी दी। रात करीब 9 बजे पुलिस ने परिवार को आकृति का शव मिलने की सूचना दी।

तीसरी मंजिल पर मिला मोबाइल, पर्स और चप्पल

पुलिस जांच में शव मिलने वाली जगह के ऊपर तीसरी मंजिल की छत से आकृति का मोबाइल फोन, पर्स और चप्पल बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह ऊंचाई से गिरी या कूदी।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

परिवार ने लगाए हत्या के आरोप

मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही आकृति को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का कहना है कि जहां शव मिला, वहां खून के निशान नहीं थे, जिससे उन्हें घटना पर संदेह है। उनका दावा है कि आकृति आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी।

मौत से कुछ घंटे पहले दी थी ऑफिस में शादी की पार्टी

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि आकृति ने शनिवार को ही अपने कार्यालय में शादी की खुशी में सहकर्मियों को पार्टी दी थी।

बताया जा रहा है कि वह 1 जुलाई से शादी के बाद दोबारा कार्यालय जाना शुरू हुई थी। परिवार का कहना है कि जो युवती कुछ घंटे पहले तक सामान्य थी और सहकर्मियों के साथ खुशी मना रही थी, उसके आत्महत्या करने की बात आसानी से स्वीकार नहीं की जा सकती।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज पर टिकी जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई

फिलहाल यह मामला हत्या या आत्महत्या के बीच उलझा हुआ है। एक ओर पुलिस शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या की संभावना से इनकार नहीं कर रही, वहीं दूसरी ओर मृतका का परिवार हत्या की आशंका जता रहा है।

अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और CCTV फुटेज पर टिकी है, जिनसे इस रहस्यमयी मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!