देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले में वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल एक बार फिर चर्चाओं में हैं। इस बार उनके खिलाफ एक युवती द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर विकासनगर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर धोखे से शादी का विश्वास दिलाने, गलत जानकारी देने और यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अदालत में पेश किए जाने के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
युवती ने लगाए गंभीर आरोप
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि राजीव नयन नौटियाल ने अपनी वैवाहिक स्थिति को लेकर गलत जानकारी दी। शिकायत के अनुसार, उन्होंने अपनी पहली शादी और तलाक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं तथा दूसरी पत्नी से तलाक होने के कथित दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाया। युवती का आरोप है कि इसी आधार पर उसका यौन शोषण किया गया।
शिकायत मिलते ही दर्ज हुआ मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासनगर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। विकासनगर कोतवाली के एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि पुलिस ने राजीव नयन नौटियाल को उनके आवास से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहले भी रह चुके हैं विवादों में
राजीव नयन नौटियाल इससे पहले चकराता और कालसी क्षेत्र में अवैध खनन के मामलों को लेकर सुर्खियों में आए थे। उस दौरान खनन गतिविधियों का विरोध करते हुए उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उनकी खनन से जुड़े लोगों के साथ तीखी बहस दिखाई दी थी।
निलंबन का मामला भी रहा चर्चा में
वन विभाग ने कुछ समय पहले राजीव नयन नौटियाल को उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और सरकारी कार्यों में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया था। हालांकि, उन्होंने इस कार्रवाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जहां से उन्हें राहत मिली और निलंबन आदेश रद्द कर दिया गया था।
अब एक बार फिर उनके खिलाफ दर्ज गंभीर आपराधिक मामले के बाद यह प्रकरण चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












Leave a Reply