कुमाऊँ में खुलेगा एसजीआरआर ग्रुप का नया अध्याय? मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दिया बड़ा प्रस्ताव

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास एवं पर्यावरण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार उनका सम्मानपूर्वक स्वागत भी किया गया।

एसजीआरआर ग्रुप की सेवाओं की सराहना

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि श्री दरबार साहिब आध्यात्मिक शांति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र है, जहां आकर आत्मिक सुकून और नई प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।

कुमाऊँ में भी हो शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तार

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुझाव दिया कि एसजीआरआर ग्रुप कुमाऊँ मंडल में भी अपने शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों की शाखाएं स्थापित करने की दिशा में पहल करे, ताकि क्षेत्र के युवाओं और आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि यदि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल कुमाऊँ क्षेत्र में अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करता है तो राज्य सरकार हर स्तर पर आवश्यक सहयोग और सहायता उपलब्ध कराएगी।

समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना हमारा लक्ष्य

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की सेवा, शिक्षा और मानव कल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एसजीआरआर ग्रुप समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल संस्थानों का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार और संवेदनशीलता की भावना पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग, समाज के विश्वास और ईश्वर की कृपा से एसजीआरआर ग्रुप भविष्य में भी सेवा के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

जनकल्याणकारी कार्यों की दी जानकारी

भेंट के दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल तथा एसजीआरआर ग्रुप द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!