तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में गरीब परिवारों, महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों को राहत देने वाले कई महत्वपूर्ण ऐलान किए हैं। सरकार ने सालाना 2.5 लाख रुपये से कम आय वाले परिवारों को हर साल 3 मुफ्त LPG सिलेंडर देने की घोषणा की है। इसके अलावा महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए बस यात्रा को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है।
पोंगल 2027 से मिलेंगे 3 मुफ्त LPG सिलेंडर
सरकार की ओर से घोषित ‘अन्नपूर्णानी सुपर सिक्स’ योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल तीन LPG सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। यह योजना पोंगल 2027 से लागू होने की बात कही गई है।
इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम है। सरकार के अनुमान के मुताबिक करीब 1.30 करोड़ परिवार इससे लाभान्वित होंगे।
योजना पर सरकार हर साल लगभग 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। लाभार्थियों को पहले LPG सिलेंडर खरीदना होगा, जिसके बाद सिलेंडर की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी।
महिलाओं को एक्सप्रेस और डीलक्स बसों में भी मुफ्त यात्रा
मुख्यमंत्री विजय ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा को और व्यापक करने का ऐलान किया है। अब महिलाओं को सामान्य बसों के साथ-साथ Express, LSS और Deluxe बसों में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की गई है।
इसके अलावा अंतर-जिला बसों में भी महिलाओं को ‘वेट्री पयाना थिट्टम’ के तहत मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह व्यवस्था 2 अक्टूबर से शुरू करने की घोषणा की गई है।
ट्रांसजेंडर यात्रियों को भी मुफ्त बस सेवा
सरकार ने ट्रांसजेंडर यात्रियों को भी राहत देते हुए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। इस फैसले से ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सार्वजनिक परिवहन में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
परंदूर एयरपोर्ट को लेकर सरकार का रुख साफ
चेन्नई के परंदूर में प्रस्तावित नए एयरपोर्ट को लेकर भी मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी जगह की तलाश कर रही है, जहां एयरपोर्ट निर्माण से स्थानीय परिवार प्रभावित न हों।
परंदूर एयरपोर्ट का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किए जाने का भी जिक्र किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होने की बात कही।
सरकार के अनुसार नए एयरपोर्ट के लिए कुछ वैकल्पिक स्थानों की पहचान की गई है। वहीं चेन्नई के मौजूदा मीनांबक्कम एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल-5 बनाने की भी घोषणा की गई है।
किसानों के हितों पर भी जोर
मुख्यमंत्री विजय ने किसानों को देश की रीढ़ बताते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं के नाम पर किसानों और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। सरकार ने एयरपोर्ट परियोजना को लेकर प्रभावित परिवारों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही है।
एक नजर में बड़े ऐलान
- पात्र गरीब परिवारों को हर साल 3 मुफ्त LPG सिलेंडर।
- योजना पोंगल 2027 से शुरू होने की घोषणा।
- सालाना 2.5 लाख रुपये से कम आय वाले परिवार पात्र।
- करीब 1.30 करोड़ परिवारों को लाभ मिलने का अनुमान।
- योजना पर करीब 4,000 करोड़ रुपये सालाना खर्च का अनुमान।
- महिलाओं के लिए कई श्रेणी की बसों में मुफ्त यात्रा।
- ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए भी मुफ्त बस यात्रा।
- परंदूर एयरपोर्ट के लिए वैकल्पिक स्थानों की तलाश।
- मीनांबक्कम एयरपोर्ट पर टर्मिनल-5 बनाने का ऐलान।














Leave a Reply