समता के 40 साल पूरे, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों में योगदान के लिए नीरज उत्तराखंडी सम्मानित

विकासनगर/भीमावाला। स्वैच्छिक संस्था ‘समता’ के 40वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पत्रकार नीरज उत्तराखंडी को ‘शिक्षक सारथी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह ने प्रदान किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद नीरज उत्तराखंडी ने समता संस्था के निदेशक और पूरे समता परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1990 के दशक में उन्होंने करीब 12 वर्षों तक समता संस्था के साथ चकराता और पुरोला विधानसभा क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों में शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किया।

नीरज उत्तराखंडी ने कहा कि शिक्षक के रूप में शुरू हुए उनके सफर से लेकर पत्रकारिता तक की यात्रा में समता संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संस्था से मिले मार्गदर्शन, अनुभव और सामाजिक कार्यों से उन्हें आगे के जीवन में दिशा मिली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा के लिए काम करने का अनुभव उनके सामाजिक सरोकारों और पत्रकारिता के सफर में भी महत्वपूर्ण रहा।

सम्मान के बाद भावुक नजर आए नीरज उत्तराखंडी ने कहा, “अपनी माटी में अपनों के बीच क्षेत्र के विधायक प्रीतम सिंह के हाथों सम्मानित होना मेरे लिए विशेष खुशी और भावनात्मक क्षण है।”

उन्होंने अपने जीवन-सफर को कुछ पंक्तियों के माध्यम से भी साझा किया—

“न स्वयं को उछाला,
न किसी को गिराया,
कटा सफर जिंदगी का
मगर धीरे-धीरे।
लोग जहां पहुंचे छलांग लगाकर,
हम भी वहां पहुंचे
मगर धीरे-धीरे।”

समता के 40वें स्थापना दिवस समारोह में संस्था से जुड़े पूर्व शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान संस्था की चार दशक की यात्रा, शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों और सामाजिक सरोकारों में उसके योगदान पर चर्चा की गई।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!