देहरादून : हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार निजी बस बेकाबू हो गई। दुर्गा चौक के पास बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसका हाथ कटकर अलग हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस अनियंत्रित हो गई और सबसे पहले एक ऑटो को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस सड़क किनारे खड़ी चार कारों से जा टकराई।
हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं, निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, बस की टक्कर से उनका हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे के दौरान बस की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई। दुर्घटना एक निजी अस्पताल के बाहर हुई। गनीमत रही कि हादसे के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की ज्यादा भीड़ नहीं थी, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
बस की टक्कर से एक ऑटो और चार कारों को नुकसान पहुंचा है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर बस को कब्जे में ले लिया है।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों के साथ-साथ दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।














Leave a Reply