उत्तराखंड में मौसम लेगा यू-टर्न, 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट; पहाड़ों में बारिश के साथ बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 6 से 8 अक्टूबर तक प्रदेश के 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होने के आसार हैं। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम में बदलाव को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!