Advertisement

600 रुपये के लिए 3 कत्ल! देहरादून ट्रिपल मर्डर का चौंकाने वाला खुलासा, प्लंबर निकला आरोपी

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच और पूछताछ में हत्या की वजह महज 600 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा का रहने वाला है। वर्तमान में वह देहरादून के इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास रहता है और प्लंबर का काम करता है।

जानकारी के अनुसार राजकुमार पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपति के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था। घटना वाले दिन भी उसे प्लंबिंग के काम के लिए घर बुलाया गया था। काम पूरा होने के बाद मजदूरी के भुगतान को लेकर आरोपी और बुजुर्ग दंपति के बीच विवाद हो गया।

600 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि काम पूरा करने के बाद उसने अपनी मजदूरी के 600 रुपये मांगे थे। आरोप है कि बुजुर्ग दंपति उसे 300 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

आरोपी के मुताबिक विवाद के दौरान बुजुर्ग दंपति ने उसे गालियां दीं, जिसके बाद वह गुस्से में आ गया। पुलिस के अनुसार इसी दौरान राजकुमार ने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर भी हमला

बुजुर्ग दंपति के घर से आवाज सुनकर पड़ोस के मकान में काम करने वाली महिला वहां पहुंची। बताया जा रहा है कि महिला ने मामले में बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने उस महिला पर भी पेचकस से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर बुजुर्ग दंपति और महिला गंभीर रूप से घायल एवं अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर, 75 वर्षीय रजनी कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं।

मौके से पेचकस बरामद, सोने की चेन भी मिली

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए पेचकस को बरामद कर लिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपी को बुजुर्ग दंपति के घर की तरफ अकेले जाते हुए देखा गया है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!