
हरिद्वार। पत्नी से चल रहे विवाद के बीच उसकी हत्या करने के इरादे से तमंचा लेकर निकले एक व्यक्ति को कनखल कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास बिना नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर बैठा मिला। पुलिस को देखकर उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के इरादे से हथियार लेकर जाने की बात स्वीकार की।
पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस की टीम जियापोता-जमालपुर रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर बैठे एक व्यक्ति पर पड़ी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखकर वह बाइक स्टार्ट कर भागने लगा। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान कृष्णवीर उर्फ बिट्टू पुत्र गजेंद्र सिंह, निवासी खंजरपुर, मोदीनगर, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा है और उसकी पत्नी हरिद्वार के जगजीतपुर क्षेत्र में रहती है। वह पत्नी से मिलने जाने की बात कह रहा था। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने के इरादे से तमंचा लेकर जाने की बात बताई।
पुलिस ने बरामद अवैध हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित गंभीर वारदात टल गई।













Leave a Reply