Advertisement

DPC चुनाव 2026: कहीं निर्विरोध जीत, कहीं मुकाबला; जानिए कौन-कौन जीता

देहरादून: जिला योजना समिति (डीपीसी) सामान्य निर्वाचन-2026 की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार, 17 अक्टूबर को देहरादून में नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान और महापौर सौरभ थपलियाल ने सदस्यों को प्रमाण पत्र सौंपकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जनपद के संतुलित विकास, जनसमस्याओं के समाधान और भविष्य की विकास योजनाओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

जिला योजना समिति के लिए 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी हुई थी। निर्वाचन प्रक्रिया में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कई सीटों पर सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि कुछ सीटों पर मतदान के बाद परिणाम घोषित किए गए।

जिला पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी 10 प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों और नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, विकासनगर, हरबर्टपुर और सेलाकुई के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र की एक सीट पर भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

इसके अलावा नगर निगम ऋषिकेश की दो सीटों तथा नगर पालिका परिषद मसूरी और डोईवाला की एक-एक सीट पर मतदान के बाद सदस्य निर्वाचित हुए।

नगर निगम देहरादून से ये 15 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर रविन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह कठैत, नंदिनी शर्मा, संतोख सिंग नागपाल, वैभव अग्रवाल, सतीश कश्यप, विमल चन्द उनियाल, कपिल धर, आलोक कुमार, संजीत कुमार बंसल, पूजा नेगी, अमिता सिंह, मीनाक्षी मौर्या, प्रवीन सिंह नेगी और अशोक डोबरियाल निर्विरोध निर्वाचित हुए।

जिला पंचायत क्षेत्र से 10 सदस्य निर्विरोध चुने गए

जिला पंचायत क्षेत्र की सभी 10 सीटों पर अमिता राज, खुशबू गुरुंग, गोविन्द सिंह, दीवान सिंह, पिंकी रोहिला, रश्मि देवी, विजयलक्ष्मी, विनिता रतूड़ी, संजय किशोर और हुकम चन्द्र निर्विरोध निर्वाचित हुए।

वहीं, विकासनगर, सेलाकुई और हरबर्टपुर के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र से एल. शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए।

ऋषिकेश, डोईवाला और मसूरी में मतदान के बाद परिणाम

निर्वाचन के बाद नगर निगम ऋषिकेश से राजेन्द्र सिंह बिष्ट और संध्या बिष्ट, नगर पालिका परिषद डोईवाला से रियायत अली तथा नगर पालिका परिषद मसूरी से पवन भलवाल निर्वाचित हुए।

डीएम ने कहा- जनसमस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं पर दें जोर

प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद के संतुलित और समग्र विकास में जिला योजना समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों से जनसमस्याओं के निस्तारण के साथ-साथ दूरगामी विकास योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन के लिए सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह और जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!