
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026’ में देशभर के मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग में दूसरा स्थान मिलने पर भाजपा ने इसे राज्य सरकार के सुशासन और कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री धामी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे उत्तराखंड की जनता के लिए गौरव का क्षण करार दिया।
फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट की ओर से जारी सर्वे के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे, जबकि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 881 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
10 मानकों पर हुआ मुख्यमंत्री सर्वे
महेंद्र भट्ट ने कहा कि 1000 अंकों के पैमाने पर आधारित इस त्रिस्तरीय राष्ट्रीय सर्वे में सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, कार्यक्षमता, दूरदर्शिता, जन-स्वीकार्यता और परिणामों सहित 10 प्रमुख मानकों का आकलन किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का इस रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल करना राज्य सरकार की निर्णय क्षमता और प्रशासनिक कार्यशैली को दर्शाता है।
सख्त कानूनों और विकास कार्यों को बताया उपलब्धि
भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड धार्मिक पर्यटन, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सख्त धर्मांतरण कानून, नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे फैसलों को राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इन निर्णयों ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई है।
युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सरकार विकास योजनाओं को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने हाल ही में प्रस्तुत 7,844.18 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ के विजन को साकार करने की दिशा में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को मिली राष्ट्रीय रैंकिंग को उत्तराखंड की विकास यात्रा और सरकार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बताया।













Leave a Reply