Advertisement

रामनगर में मौत बनकर दौड़ी कार, ऑटो पलटने से महिला की मौत; दूसरी का पैर अलग

रामनगर, नैनीताल। नैनीताल जिले के रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने पीछे से सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला का पैर एड़ी के पास से लगभग पूरी तरह कट गया। दुर्घटना में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

शादी समारोह में जा रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रामनगर के खताड़ी निवासी रुखसाना अपने परिवार के सदस्यों के साथ ऑटो संख्या UK18TA-1804 में सवार होकर पीरूमदारा स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। ऑटो में छोटे बच्चों समेत करीब 12 लोग सवार बताए जा रहे हैं।

इसी दौरान चिल्किया के पास राइस मिल के नजदीक पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK19TA-1298 ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

रुखसाना की मौत, चांदनी की हालत गंभीर

दुर्घटना में 50 वर्षीय रुखसाना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 30 वर्षीय चांदनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनका पैर एड़ी के पास से लगभग पूरी तरह अलग हो गया। ऑटो में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

मृतका के बेटे नासिर ने बताया कि उनकी मां परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। उनके अनुसार, कार ने पीछे से ऑटो को टक्कर मारी, जिसके बाद ऑटो कई बार पलट गया। नासिर ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

पांच घायलों को अस्पताल पहुंचाया, दो की हालत नाजुक

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल के मुताबिक, हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें दो की हालत गंभीर है। एक घायल के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे न्यूरोसर्जन के पास भेजा गया।

वहीं, चांदनी के पैर को बचाने के लिए उपचार किया जा रहा है। नसों को जोड़ने के प्रयास के लिए उन्हें प्लास्टिक सर्जन के पास भेजा जा रहा है। अन्य तीन घायलों को फ्रैक्चर हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। कुछ अन्य घायलों का इलाज दूसरे अस्पतालों में भी चल रहा है।

12 सवारियों से भरे ऑटो ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

ऑटो में करीब 12 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दुर्घटना में एक महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा है, जबकि घायलों का उपचार जारी है।

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!