Advertisement

गोल्डन कार्ड पर कई अस्पतालों ने खींचे हाथ, इंदिरेश अस्पताल में मिल रहा इलाज का लाभ

देहरादून। उत्तराखंड में गोल्डन कार्ड योजना के तहत उपचार को लेकर कई बड़े अस्पतालों की ओर से सेवाएं देने में पीछे हटने की शिकायतों के बीच श्री महंत इंदिरेश अस्पताल, पटेल नगर ने योजना के पात्र लाभार्थियों को उपचार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है। अस्पताल में पेंशनर्स, सेवानिवृत्त कर्मचारी और अन्य पात्र लाभार्थी गोल्डन कार्ड के माध्यम से चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।

अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल मलिक ने कहा कि श्री महंत इंदिरेश अस्पताल राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के तहत आने वाले लाभार्थियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अस्पताल का उद्देश्य पात्र मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक कारणों से किसी को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।

गोल्डन कार्ड धारकों को उपचार के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं

डॉ. मलिक ने स्पष्ट किया कि गोल्डन कार्ड धारकों को उपचार को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। पात्र लाभार्थी योजना के निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार अस्पताल में अनुमन्य चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में गोल्डन कार्ड के कई लाभार्थी ऐसे भी पहुंचते हैं, जो अन्य अस्पतालों में कार्ड के माध्यम से उपचार नहीं मिलने की शिकायत करते हैं। ऐसे में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल योजना के प्रावधानों के तहत मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।

मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, संस्थान हमेशा जनहित और मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देता रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अस्पताल की यह प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी।

अस्पताल प्रबंधन ने गोल्डन कार्ड लाभार्थियों को आश्वस्त किया है कि योजना के नियमों के अनुरूप चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में अस्पताल सहयोगी की भूमिका निभाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!