
आम के बाग में गोकशी की तैयारी की मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर की देर रात भगवानपुर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सिकरोड़ा गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गोकशी की तैयारी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। बताया गया कि आरोपी अपने साथी कालू के आने का इंतजार कर रहा था। दोनों की योजना कथित तौर पर बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की थी।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी का सामना पुलिस टीम से हो गया। इस बीच उसने मौके से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
छोटू के रूप में हुई घायल आरोपी की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर गोतस्करी और गोकशी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फरार साथी कालू की तलाश में जुटी पुलिस
मुठभेड़ के दौरान आरोपी का साथी कालू मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
एसपी देहात ने दी कार्रवाई की जानकारी
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोतस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही फरार साथी की तलाश और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।













Leave a Reply