
बुधवार तड़के चार बजे से मंदिर में कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना और समाधि पूजा संपन्न कराई गई। सुबह छह बजे गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए गए। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भावुक नजर आए और हर-हर महादेव तथा बाबा केदार के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा।
इसके बाद सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर मंदिर के मुख्य कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर भारतीय सेना के 15 जवानों ने बैंड की मधुर धुनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से बाबा केदार को अगले छह माह के लिए विदाई दी।
ओंकारेश्वर मंदिर में छह माह तक होगी पूजा-अर्चना

केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ रवाना हुई। अब अगले छह माह तक बाबा केदार की नियमित पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।
22 अप्रैल को खुले थे केदारनाथ धाम के कपाट
इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले गए थे। कपाट खुलने के साथ ही देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे यात्रा सीजन में भक्तों का उत्साह बना रहा।
19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
इस वर्ष केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी आमद देखने को मिली। कपाट बंद होने तक कुल 19 लाख 14 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के समापन के साथ ही हिमालय की ऊंची वादियों में स्थित केदारनाथ धाम में अब छह माह का शीतकालीन विराम शुरू हो गया है।
हालांकि, धाम के कपाट बंद होने के बावजूद बाबा केदार की पूजा और दर्शन की परंपरा जारी रहेगी। अब श्रद्धालु शीतकाल के दौरान ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान केदारनाथ के दर्शन कर सकेंगे।













Leave a Reply