Advertisement

200 मीटर गहरी खाई में गिरी बरेली के युवकों की कार, चालक की मौत से मचा कोहराम

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निगलाट क्षेत्र में पर्यटकों की स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी कार सवार उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, नैनीताल पुलिस कंट्रोल रूम को देर रात निगलाट के पास कार खाई में गिरने की सूचना मिली। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की खैरना पोस्ट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

दुर्गम खाई में रात के अंधेरे में चला रेस्क्यू

दुर्घटनास्थल तक पहुंचना आसान नहीं था। इलाका दुर्गम होने और रात का अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं। एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतरकर कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों और मृतक को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाया गया। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली ले जाया गया।

बरेली के 29 वर्षीय युवक की मौत

अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान कार चालक अनुज तिवारी (29) को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, हादसे में घायल चार अन्य लोगों का उपचार जारी है। दुर्घटनाग्रस्त कार का पंजीकरण नंबर UP 25 EJ 4586 बताया गया है।

हादसे में घायल और मृतक की पहचान

घायलों में सनी (23), पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम मिल कॉपर, बरेली; रवि, पुत्र दिनेश मौर्य, निवासी बरेली; संचित, पुत्र हृदय नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली और संदीप शर्मा, पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी बरेली शामिल हैं।

वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले अनुज तिवारी (29), पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली थे। वह कार चला रहे थे।

कैंची धाम के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!