Advertisement

निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर 30.74 लाख की ठगी का आरोप, रकम मांगी तो दी जान से मारने की धमकी

लक्सर (हरिद्वार): उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक कंपनी से जुड़े लोगों पर अच्छे रिटर्न का भरोसा दिलाकर 30 लाख 74 हजार 464 रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित का कहना है कि निवेश की अवधि पूरी होने के बावजूद उसे रकम वापस नहीं मिली। जब उसने अपने पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसके और उसके भाई के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मामला लक्सर कोतवाली क्षेत्र के हबीबपुर कुड़ी गांव निवासी प्रमोद कुमार से जुड़ा है। न्यायालय में दिए गए प्रार्थनापत्र के मुताबिक, जनवरी 2015 में उनकी मुलाकात खुर्शीद निवासी मखियाली कलां, प्रीतम निवासी सिकंदरपुर और इरशाद निवासी बुडगिरी, जनपद बिजनौर से हुई थी। आरोप है कि तीनों एक ऐसी कंपनी से जुड़े थे, जो एफडी और आरडी के माध्यम से निवेश का काम करती थी।

प्रार्थनापत्र में बताया गया कि इन लोगों ने प्रमोद कुमार की मुलाकात कंपनी के मालिक और निदेशकों अहसान हैदर, मोहम्मद शाहनवाज और मोहम्मद जावेद से कराई। ये सभी देहरादून के देवऋषि एनक्लेव के निवासी बताए गए हैं। आरोप है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने निवेश पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया और उन्हें देहरादून बुलाकर रकम जमा करने के लिए तैयार किया।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों के झांसे में आकर उन्होंने 20 मार्च 2015 से 17 फरवरी 2018 के बीच करीब नौ लाख रुपये की चार एफडी कराई थीं। वर्ष 2020 से इन एफडी की परिपक्वता अवधि पूरी होने लगी, लेकिन इसी दौरान कोरोना महामारी के कारण कंपनी का लक्सर स्थित कार्यालय बंद हो गया। आरोप है कि इसके बाद भी कंपनी से जुड़े लोग रकम लौटाने का आश्वासन देते रहे।

प्रमोद कुमार का आरोप है कि कोरोना काल के बाद जब उन्होंने अपनी जमा पूंजी वापस मांगी तो उन्हें बताया गया कि उनकी रकम दूसरी कंपनी में निवेश कर दी गई है। इस दौरान पुराने निवेश के मुनाफे सहित 19 लाख 33 हजार 936 रुपये के तीन चेक भी दिए गए। हालांकि, बाद में इन चेकों के बदले 16 लाख रुपये की नई एफडी के पॉलिसी बॉन्ड दे दिए गए। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया के जरिए उन्हें लगातार उलझाया गया और मूल रकम वापस नहीं की गई।

रुपये मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

शिकायत के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को प्रमोद कुमार आरोपियों से मिलने लक्सर पहुंचे और अपनी कुल 30 लाख 74 हजार 464 रुपये की रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस दौरान उनके और उनके भाई के साथ अभद्रता की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थनापत्र दाखिल किया।

न्यायालय के आदेश के बाद लक्सर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े दस्तावेजों, पॉलिसी बॉन्ड और चेकों की जांच कर रही है।

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के अनुसार, कंपनी के दस्तावेजों, पॉलिसी बॉन्ड और चेकों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!