Advertisement

मंडप सजा, बारात ने खाया खाना, फेरों से पहले दूल्हे ने कर दिया इनकार, दहेज का आरोप

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में शादी समारोह के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब सात फेरों से ठीक पहले दूल्हे ने विवाह करने से इनकार कर दिया। बारात का स्वागत हो चुका था, मेहमान खाना खा चुके थे और शादी की कई रस्में भी पूरी हो चुकी थीं। दूल्हे के अचानक पीछे हटने से शादी की खुशियां विवाद में बदल गईं। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके परिवार पर अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप लगाया है। मामला पुलिस चौकी तक पहुंच गया।

घटना हल्द्वानी के बिंदुखत्ता स्थित शास्त्री नगर नर्सरी की बताई जा रही है। यहां चकलुवा क्षेत्र से बारात पहुंची थी। लड़की पक्ष ने पूरे पारंपरिक तरीके से बारात का स्वागत किया और मेहमानों की खातिरदारी की। शादी की तैयारियां पूरी थीं और परिवार विवाह की रस्मों को आगे बढ़ा रहा था, लेकिन सात फेरों से पहले दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

फेरों से पहले शादी से मुकरा दूल्हा, दोनों पक्षों में विवाद

दूल्हे की ओर से शादी करने की इच्छा नहीं जताए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला विवाद और हंगामे में बदल गया। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि शादी के लिए उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति के बावजूद काफी इंतजाम किए थे और यहां तक कि कर्ज भी लिया था। इसके बावजूद दूल्हे पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते दूल्हे ने विवाह से इनकार कर दिया।

हंगामे के बाद चौकी पहुंचा दूल्हा

विवाद बढ़ने पर लड़की पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बिंदुखत्ता चौकी प्रभारी गौरव जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस दूल्हे को अपने साथ चौकी ले गई, जबकि बाराती वापस लौट गए। शादी टूटने से दुल्हन और उसके परिवार को निराशा का सामना करना पड़ा।

कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा के मुताबिक, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!