Advertisement

देहरादून बैंक लॉकर से 50 लाख के जेवर गायब! पत्नी और बैंक मैनेजर समेत तीन पर FIR

देहरादून: राजधानी देहरादून में बैंक लॉकर से करीब 50 लाख रुपये के सोने के आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने अपनी पत्नी, बैंक मैनेजर और एक अन्य व्यक्ति पर मिलीभगत कर लॉकर से जेवर निकलवाने और दस्तावेजों में कथित हेराफेरी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता की पत्नी बैंक कर्मचारी है। आरोप है कि पत्नी 1 फरवरी 2026 को अपने 12 वर्षीय बेटे को लेकर घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने जमीन खरीदने के लिए अपनी एफडी तुड़वाई और 18 मार्च को रकम दूसरे बैंक के खाते में जमा कर दी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान नेहरू कॉलोनी स्थित बैंक शाखा के प्रबंधक ने दूसरे बैंक के प्रबंधक से संपर्क किया। इसके बाद कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनकी पत्नी ने अपने और बेटे के आभूषण ज्वाइंट बैंक लॉकर से निकलवा लिए। आरोप है कि इस प्रक्रिया के दौरान लॉकर में रखे शिकायतकर्ता के सोने के आभूषण भी गायब कर दिए गए।

पीड़ित के मुताबिक, गायब हुए सोने के जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। उन्होंने आरोप लगाया है कि लॉकर खुलवाने के दौरान बैंक मैनेजर भी मौके पर मौजूद थे। इतना ही नहीं, लॉकर के संचालन से जुड़े दस्तावेजों में भी उनकी जानकारी और सहमति के बिना बदलाव किए गए।

शिकायत में बैंक लॉकर को ‘Anyone or Survivor’ श्रेणी में बदलने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस बदलाव की जानकारी उन्हें पहले नहीं दी गई। बाद में आरटीआई के जरिए प्राप्त दस्तावेजों से उन्हें कथित अनियमितताओं का पता चला।

इसके अलावा बैंक के कुछ दस्तावेजों पर मौजूद उनके हस्ताक्षरों के साथ भी छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बैंक अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी मांगने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने 22 नवंबर 2026 को बैंक मैनेजर, शिकायतकर्ता की पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक निशा पांडे को सौंपी गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बैंक लॉकर से जुड़े दस्तावेजों, कथित हस्ताक्षर और लॉकर संचालन में हुए बदलावों की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!