देहरादून में समाधान दिवस पर खुलीं जमीन के खेल की परतें, 87 शिकायतों से प्रशासन में मचा हड़कंप

देहरादून। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में जिलेभर से पहुंची 87 जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, जमीन फर्जीवाड़े, सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता और शिक्षा से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतें केवल सुनवाई तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका धरातल पर प्रभावी समाधान होना जरूरी है।

सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत, एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश

समाधान दिवस में भूमि संबंधी शिकायतों की संख्या प्रमुख रही। मारूति विहार (राझांवाला) में खसरा संख्या 442 की सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर को तत्काल कार्रवाई कर सरकारी भूमि से कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए।

सैनिक की जमीन पर मकान बनाने का मामला

रानीपोखरी क्षेत्र में जमीन खरीदने वाले एक सैनिक ने शिकायत करते हुए बताया कि रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज होने के बावजूद उसकी भूमि पर किसी अन्य व्यक्ति ने मकान बना लिया है। सैनिक ने प्रॉपर्टी डीलर पर भूमि खरीद में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तहसीलदार और एसएचओ ऋषिकेश को मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

निजी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत

राजपुर रोड निवासी मधु गुप्ता ने ईस्ट होप टाउन स्थित अपनी निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। मामले में एसडीएम और सीओ पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वहीं नेहरूग्राम में पशु चिकित्सालय मार्ग पर मैकेनिक द्वारा किए गए अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को जांच के निर्देश दिए गए।

बिन्हार क्षेत्र में भू-सर्वेक्षण और बंदोबस्त की मांग

भारतीय किसान संघ ने बिन्हार क्षेत्र की ग्राम पंचायतों माटोगी, मदर्सू, भलेर, पष्टा, पपड़ियान और बावनधार में भू-सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कराने की मांग रखी। इस पर एसडीएम विकासनगर को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत गढ़बुरांसखंडा (रायपुर) की प्रधान पूनम देवी ने बुरांसखण्डा-गढ़ मोटर मार्ग के सर्वेक्षण की सीमा को लेकर विवाद के समाधान की मांग की। इस मामले में भी त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

बारिश से क्षतिग्रस्त पुश्तों और सुरक्षा दीवार का मामला

ग्राम पंचायत कंडोगल में नाले से खेतों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग पर सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वहीं लाडपुर में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त पुश्ते और आवासीय भवन में आई दरार की शिकायत पर नगर निगम को जांच कर सुरक्षा दीवार निर्माण के संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

भरण-पोषण नहीं देने और धमकी देने की शिकायत

रीठा मंडी मुस्लिम कॉलोनी निवासी सबनम ने शिकायत में बताया कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उनके पति द्वारा भरण-पोषण की धनराशि नहीं दी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केस वापस लेने के लिए उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। मामले में सीओ पटेल नगर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद की मांग

समाधान दिवस में आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। साक्षी रावत ने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।

वहीं अनुशका ने अपनी बेटी की पढ़ाई जारी रखने के लिए नंदा-सुनंदा योजना के तहत फीस के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

अधिकारियों को दिए प्रभावी निस्तारण के निर्देश

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का स्थलीय परीक्षण और नियमानुसार प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को समय पर न्याय और राहत मिलना प्रशासन की प्राथमिकता है।

समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेन्द्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!