देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना गया। इस दौरान जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए 169 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। डीएम ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण, आपदा क्षतिपूर्ति, पारिवारिक प्रताड़ना और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों पर प्रशासन का रुख बेहद सख्त दिखाई दिया।
एसीपी भुगतान में लापरवाही पर डेयरी प्रबंधक के वेतन पर रोक
अधोईवाला निवासी नितिन कुमार ने शिकायत की कि दुग्ध संघ में कार्यरत उनकी माता को लंबे समय से ACP (Assured Career Progression) का भुगतान नहीं किया गया।
मामले को गंभीर मानते हुए डीएम ने आंचल डेयरी, रायपुर रोड के प्रबंधक के वेतन आहरण पर तत्काल रोक लगाने के आदेश दिए और लंबित भुगतान जल्द जारी करने के निर्देश दिए।
भू-माफियाओं और अवैध कब्जों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
समाधान दिवस में कई गंभीर भूमि विवाद सामने आए।
- मेहूँवाला में सरकारी नहर पर अवैध कब्जे की शिकायत पर तत्काल जांच के आदेश।
- छिद्दरवाला और कृसाली में जनजातीय भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जांच।
- 80 वर्षीय बुजुर्ग की खरीदी गई जमीन पर कब्जे के मामले में रिपोर्ट तलब।
- ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट की ऐतिहासिक खुर्जा वाली धर्मशाला में कथित अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि और कमजोर वर्गों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्गों और महिलाओं की शिकायतों पर दिखी संवेदनशीलता
समाधान दिवस में कई पारिवारिक विवादों को भी गंभीरता से सुना गया।
- 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला की प्रताड़ना के मामले में तत्काल सुनवाई के निर्देश।
- एक बुजुर्ग दंपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और राजस्व विभाग को जिम्मेदारी।
- शराब की लत से परेशान पति के मामले में परिवार की काउंसलिंग कराने के आदेश।
- दहेज उत्पीड़न से जुड़े विवाद में महिला प्रकोष्ठ को निष्पक्ष जांच के निर्देश।
छात्र-छात्राओं और दिव्यांगों को आर्थिक सहायता का भरोसा
जनता दरबार में आर्थिक तंगी से जूझ रहे कई लोगों ने सहायता की मांग रखी।
- बीटेक छात्र की फीस के लिए आर्थिक मदद।
- दिव्यांग महिला को आजीविका सहायता।
- ‘नंदा सुनंदा योजना’ के तहत छात्रा की पढ़ाई जारी रखने के लिए दोबारा सहायता पर सकारात्मक विचार का आश्वासन।
सड़क, बाजार और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर भी निर्देश
डीएम ने देवपुरम क्षेत्र में सड़क निर्माण की समस्या पर नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बंजारावाला में अव्यवस्थित हॉट बाजार हटाने तथा रेहड़ी-फड़ विक्रेताओं के सत्यापन के लिए पुलिस और संबंधित विभागों को कार्रवाई के आदेश दिए।
इसके अलावा CM Helpline पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों को स्पष्ट संदेश
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण करें और आम नागरिकों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में डीएम डॉ. आशीष चौहान का रुख पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। एसीपी भुगतान में लापरवाही पर वेतन रोकने से लेकर भू-माफियाओं, अवैध कब्जों और प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त निर्देशों ने साफ कर दिया कि अब शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई प्रशासन की प्राथमिकता है।













Leave a Reply