देहरादून: श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) ग्रुप के पूर्व छात्र दिगम्बर सिंह रावत और अमिन्दर सिंह बिष्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखण्ड का नाम रोशन किया है। हाल ही में नोएडा में आयोजित मिक्स मार्शल आर्ट (MMA) प्रतियोगिता में दिगम्बर सिंह रावत ने इंडोनेशिया के खिलाड़ी अंगा को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
मंगलवार को दोनों खिलाड़ियों ने दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और दिगम्बर को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
दिगम्बर और अमिन्दर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, कर्णप्रयाग और आदिबदरी से प्राप्त की है। अब दोनों उच्च शिक्षा के लिए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि दिगम्बर सिंह रावत और अमिन्दर सिंह बिष्ट मिक्स मार्शल आर्ट में पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। हालिया प्रतियोगिता में दिगम्बर ने 70 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 देशों के 28 खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में खिताबी जीत दर्ज की।
दिगम्बर की इस उपलब्धि से एसजीआरआर ग्रुप के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में खुशी की लहर है। दोनों खिलाड़ी भविष्य में UFC में खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर निरंतर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।












Leave a Reply