
17 अक्टूबर से लापता थे धीरेंद्र परिहार
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय धीरेंद्र सिंह परिहार बीते 17 अक्टूबर से लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। बेटे का पता नहीं चलने पर उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से जल्द तलाश करने की गुहार लगाई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी नहीं मिला सुराग
धीरेंद्र परिहार की तलाश में पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई स्तरों पर जांच की। इसी दौरान नुमाइशखेत क्षेत्र में कुछ सीसीटीवी कैमरों के तार काटने और कैमरों को नुकसान पहुंचाने की घटना भी सामने आई थी। इससे उनकी गुमशुदगी को लेकर संदेह और गहरा गया था।
सुराग नहीं मिलने पर सड़क पर उतरे लोग
धीरेंद्र परिहार का पता नहीं चलने से नाराज परिजनों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। आंदोलन में विधायक पार्वती दास भी शामिल हुई थीं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से जल्द तलाश अभियान तेज करने और मामले का खुलासा करने की मांग की थी।
गोमती नदी किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
मंगलवार को थुणाई के समीप नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
धीरेंद्र परिहार की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह नदी किनारे कैसे पहुंचे, इन सवालों का जवाब फिलहाल नहीं मिल पाया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
आज पुलिस करेगी मामले का खुलासा
बागेश्वर पुलिस के अनुसार, धीरेंद्र परिहार का शव बरामद कर लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक की ओर से 4 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
वरिष्ठ अधिवक्ता की मौत से बागेश्वर के अधिवक्ता समाज और नगरवासियों में गहरा दुख है। अब सभी की निगाहें पुलिस के खुलासे और जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं।













Leave a Reply