Advertisement

उत्तराखंड के इन 7 जिलों में आज बारिश और बर्फबारी के आसार, रहें सतर्क

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के सात पर्वतीय और मैदानी जिलों में आज हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। मौसम विभाग ने संबंधित क्षेत्रों में मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। विशेष रूप से 3,200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना जताई गई है।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से पहाड़ों में ठंड बढ़ सकती है। वहीं, निचले इलाकों में भी सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। दूसरी ओर, प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

देहरादून में छाए रहेंगे बादल

राजधानी देहरादून में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ इलाकों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शाम और रात के समय ठंड का एहसास अधिक हो सकता है।

पहाड़ों में पहले से बढ़ने लगी है ठंड

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों का अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय इलाकों में यह सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, दीपावली के बाद से ही सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होने लगी है।

पिछले दिनों केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में हुई बर्फबारी के बाद ऊंची चोटियां बर्फ से ढक गई थीं। बदरीनाथ धाम में नर-नारायण पर्वत की चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर नजर आई, जबकि केदारनाथ धाम में भी हिमपात के बाद मौसम का नजारा बदल गया।

अब एक बार फिर बारिश और बर्फबारी की संभावना के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में पहाड़ों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी जाती है। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का इंतजाम रखना भी जरूरी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!