ब्रेकिंग : मनोज कुमार गुप्ता बने उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश

नैनीताल (कमल जगाती)।
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड उच्च न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।

भारत सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। अपर सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता, वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गुहानाथन नरेंद्र के 9 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने के पश्चात यह पदभार ग्रहण करेंगे।

पत्र में कहा गया है कि जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता, पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद औपचारिक रूप से उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभालेंगे।

🔹 कई वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई सूचना

भारत सरकार के उप सचिव अनंत कुमार की ओर से जारी अलग पत्र के माध्यम से इस नियुक्ति की सूचना उत्तराखंड के सचिव राज्यपाल, सचिव मुख्यमंत्री, सचिव मुख्य न्यायाधीश, मुख्य सचिव, रजिस्ट्रार जनरल, अकाउंटेंट जनरल, राष्ट्रपति सचिवालय, प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव के पी.एस., सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार, विधि एवं न्याय मंत्रालय के सचिव तथा एन.आई.सी. (डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस) के तकनीकी निदेशक को दी गई है।

🔹 दो दिन में शपथ की संभावना

सूत्रों के अनुसार, जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता की शपथ ग्रहण प्रक्रिया दो दिनों के भीतर पूरी होने की संभावना है। वहीं, शुक्रवार को उत्तराखंड उच्च न्यायालय में वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जे. नरेंद्र का विदाई समारोह (फेयरवेल) आयोजित किया जाएगा।

उत्तराखंड न्यायपालिका के लिए यह नियुक्ति बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे उच्च न्यायालय के प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!