1575 महिलाओं के हाथों में कृषि यंत्र, 42 पशु सखियों को मिला डिजिटल हथियार

देहरादून,  उत्तराखंड में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के तहत शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित एक निजी होटल में स्मार्ट मोबाइल फोन एवं कृषि सहायक/श्रम न्यूनीकरण उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम्य विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने 42 पशु सखी एवं ए-हेल्प वर्कर को स्मार्ट मोबाइल फोन तथा 1575 ग्रामीण महिलाओं को कृषि सहायक उपकरण वितरित किए।

कृषि और पशुपालन को जमीनी स्तर पर मिलेगा लाभ : मंत्री गणेश जोशी

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं पशुपालकों को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और ‘लखपति दीदी’ अभियान में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।

मंत्री ने कहा कि श्रम न्यूनीकरण उपकरणों से महिलाओं का कार्यभार कम होगा, समय की बचत होगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। वहीं, पशु सखियों को उपलब्ध कराए गए स्मार्ट मोबाइल फोन से पशुपालकों को 24 घंटे बेहतर पशुधन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

देहरादून और हरिद्वार की पशु सखियों को मिला स्मार्ट मोबाइल

ग्रामोत्थान परियोजना के तहत देहरादून जनपद के छह विकासखंडों से चयनित महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद देहरादून की 26 और हरिद्वार की 16 पशु सखी एवं ए-हेल्प वर्कर, कुल 42 महिलाओं को स्मार्ट मोबाइल फोन प्रदान किए गए।

1575 महिलाओं को मिले कृषि सहायक उपकरण

कार्यक्रम के दौरान देहरादून जनपद की आठ क्लस्टर लेवल फेडरेशन के अंतर्गत 45 ग्राम संगठनों से जुड़ी 1575 ग्रामीण महिलाओं को कुदाल, खुरपी, स्प्रिंकलर सिस्टम और स्प्रेयर जैसे कृषि सहायक एवं श्रम न्यूनीकरण उपकरण वितरित किए गए।

पलायन रोकने में मददगार होगी रीप परियोजना

अपर सचिव ग्राम्य विकास एवं परियोजना निदेशक ग्रामोत्थान झरना कमठान ने कहा कि रीप परियोजना ग्रामीण महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। श्रम न्यूनीकरण उपकरणों से आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाले पलायन पर भी नियंत्रण संभव हो सकेगा।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप आयुक्त ग्राम विकास नरेश कुमार, उपनिदेशक मानव संसाधन रीप महेंद्र सिंह यादव, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला मिशन प्रबंधक सोनम गुप्ता, जिला परियोजना प्रबंधक कैलाश भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!