रिश्वतखोरी पर करारा वार: उधम सिंह नगर में ASI ₹15 हजार लेते दबोचा गया

उधम सिंह नगर।  जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी एएसआई अनवर अहमद को शिकायतकर्ता से ₹15,000 की घूस लेते समय गिरफ्तार किया गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, दिनेशपुर निवासी एक व्यक्ति ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके नाम पर थाना गदरपुर में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज है, जिसकी विवेचना थाने में तैनात एएसआई अनवर अहमद कर रहे थे।

आरोप है कि मुकदमे को निपटाने और राहत देने के नाम पर एएसआई ने ₹15,000 की रिश्वत की मांग की। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप प्लान तैयार किया।

जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी

24 फरवरी 2026 को सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई अनवर अहमद को थाना दिनेशपुर, जनपद उधम सिंह नगर में शिकायतकर्ता से ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश

सतर्कता विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत सतर्कता विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!