देहरादून। चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 रजत पदक और 20 मेडलियन फॉर एक्सीलेंस हासिल किए। भारत ने इस प्रतियोगिता में वैश्विक स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया, जिसे वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया है। भारत की इस उपलब्धि में उत्तराखंड के दो प्रतिभाशाली युवाओं सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने भी अहम योगदान दिया है।
उत्तराखंड की सानिया जोशी ने Retail Sales कौशल और पार्थ वोहरा ने Industrial Design Technology कौशल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक हासिल किया। दोनों युवाओं की इस उपलब्धि से उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय कौशल मंच पर रोशन हुआ है।
वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता को दुनिया के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कौशल मंचों में शामिल किया जाता है। इसमें विभिन्न देशों के युवा प्रतिभागी तकनीकी दक्षता, नवाचार, रचनात्मकता और व्यावसायिक कौशल का प्रदर्शन करते हैं। वर्ष 2026 की प्रतियोगिता में दुनिया भर से करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 कौशल विधाओं में हिस्सा लिया।
ऐसे वैश्विक मंच पर उत्तराखंड के दो युवाओं का पदक जीतना प्रदेश के कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर सामने आया है। सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने अपनी-अपनी कौशल विधाओं में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया और रजत पदक अपने नाम किए।
इंडिया स्किल्स से वर्ल्डस्किल्स तक पहुंची प्रतिभा
सानिया जोशी और पार्थ वोहरा की वर्ल्डस्किल्स तक पहुंचने में इंडिया स्किल्स 2025-26 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और चयन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा उत्तराखंड कौशल विकास समिति (UKSDS) की ओर से प्रदेश के युवाओं को विभिन्न कौशल विधाओं में अपनी प्रतिभा और दक्षता प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए गए।
इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता की राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न चरणों वाली प्रक्रिया के जरिए प्रतिभागियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करते हैं और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होने का रास्ता खुलता है।
इसी प्रक्रिया के तहत सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने अपनी-अपनी विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता के वैश्विक मंच तक जगह बनाई। दोनों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर उत्तराखंड और भारत का गौरव बढ़ाया।
यह उपलब्धि प्रदेश में युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा, प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों से जोड़ने के प्रयासों को भी रेखांकित करती है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और UKSDS की ओर से युवाओं को विभिन्न कौशल क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच वर्ल्डस्किल्स 2026 में उत्तराखंड के दो युवाओं का रजत पदक जीतना महत्वपूर्ण उपलब्धि है।













Leave a Reply