नर्सेज एसोसिएशन चुनाव में हरिकृष्ण बिजल्वान का जलवा, 205 वोट लेकर बने प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून। उत्तराखंड नर्सेज सर्विसेज एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन देहरादून स्थित शिवालिक होटल में आयोजित किया गया। अधिवेशन में प्रदेशभर से नर्सिंग संवर्ग के सदस्यों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। इस दौरान संगठन की नई प्रदेश कार्यकारिणी के लिए चुनाव संपन्न कराए गए।

चुनाव में हरिकृष्ण बिजल्वान ने प्रदेश अध्यक्ष, गिरीश उनियाल ने प्रदेश महामंत्री और छवि घिल्डियाल ने प्रदेश कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। नई कार्यकारिणी के निर्वाचन के बाद संगठन के सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं और बुके से स्वागत किया।

अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कुल 594 मत पड़े। इसमें हरिकृष्ण बिजल्वान को 205 मत मिले। भारती जुयाल को 189, गिरीश चंद को 94, संजय नौटियाल को 81 और मीनाक्षी जखमोला को 17 मत प्राप्त हुए।

वहीं, प्रदेश महामंत्री पद के चुनाव में गिरीश उनियाल को सर्वाधिक 143 मत मिले। दीप्ति पंत को 136, गोविंद सिंह रावत को 133, शालिनी त्यागी को 114 और प्रेमलता रावत को 54 मत प्राप्त हुए।

कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में छवि घिल्डियाल को 236 मत मिले, जबकि ज्योत्सना उपाध्याय को 232 और मनीष कुमार पाल को 119 मत प्राप्त हुए।

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हरिकृष्ण बिजल्वान ने चुनाव में भरोसा जताने के लिए संगठन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने जिस विश्वास और भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि उनके संकल्प पत्र में नर्सिंग संवर्ग के हितों से जुड़े जो मुद्दे और घोषणाएं शामिल हैं, उन्हें पूरा कराने के लिए वह दिन-रात प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने संगठन के प्रत्येक सदस्य से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सहयोग की अपेक्षा जताई।

द्विवार्षिक अधिवेशन के दौरान नर्सिंग संवर्ग से जुड़े मुद्दों और संगठन को आगे मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके कार्यकाल के लिए शुभ कामनाएं दीं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!