CM धामी के जन्मदिन पर खास पल, दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, काटा केक

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर वहां अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे आत्मीयता से मुलाकात कर काफी समय बिताया।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर संस्थान के बच्चे उत्साहित नजर आए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद किया, उनका उत्साह बढ़ाया और उनके साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का माहौल स्नेह, अपनत्व और आत्मीयता से भरा रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता होती है। जरूरत है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए उचित अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास दिया जाए।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर व्यक्ति अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जन्मदिन पर बच्चों के बीच समय बिताना उनके लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी जन्मदिन का सबसे खास और यादगार उपहार है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!