सुबह-सुबह गूंजी गोली की आवाज, पत्नी की हत्या कर पति फरार; क्लेमेनटाउन में मचा हड़कंप

देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां 26 वर्षीय महिला काजल पंवार की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद से उसका पति धीरज पंवार फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार ने फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उससे दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल से मिली जानकारी के आधार पर मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान क्लेमेनटाउन क्षेत्र में एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में काजल मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होने की बात सामने आई है। मौके पर पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने पहुंचकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के मुताबिक, काजल अपने पति के साथ क्लेमेनटाउन क्षेत्र में रह रही थी। मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले कई दिनों से काजल और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

सीओ सदर अंकित कंडारी के अनुसार, मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल है। फिलहाल पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!