टिहरी के 168 रन पड़े फीके, युवराज-सिद्धार्थ ने मचाया धमाल; हरिद्वार एल्मास की हैट्रिक जीत

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 में हरिद्वार एल्मास का शानदार प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए लीग मुकाबले में हरिद्वार एल्मास ने टिहरी टाइटंस को 4 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। टिहरी टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। जवाब में हरिद्वार एल्मास ने 18.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 169 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।

हरिद्वार एल्मास के कप्तान युवराज चौधरी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही टिहरी टाइटंस पर दबाव बना दिया। अभय छेत्री की प्रभावी गेंदबाजी के सामने टिहरी की शुरुआत लड़खड़ा गई और महज 26 रन के स्कोर तक टीम अपने चार प्रमुख बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी।

मुश्किल स्थिति में कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज विजय शर्मा ने आशु शेरोन के साथ मिलकर पारी को संभाला। आशु शेरोन ने 39 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि विजय शर्मा ने 31 गेंदों में 60 रनों की आक्रामक पारी खेली। उनकी पारी में 2 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। इसके बाद आखिरी ओवरों में अनिकेत मलिक ने 14 गेंदों में 27 रन बनाकर टिहरी के स्कोर को 168 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

हरिद्वार एल्मास की ओर से अभय छेत्री सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में महज 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार एल्मास की शुरुआत भी मुश्किल रही। टिहरी टाइटंस के गेंदबाज दीपक कुमार ने शुरुआती झटके देते हुए ध्रुव पी. सिंह और सौरव चौहान को शून्य पर आउट किया। शुरुआती विकेट गिरने के बाद हरिद्वार का स्कोर 17/3 हो गया।

इसके बाद कप्तान युवराज चौधरी ने मोर्चा संभाला और शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को लक्ष्य की ओर बढ़ाया। युवराज ने 46 गेंदों में 6 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 79 रन बनाए। उन्हें शाश्वत डंगवाल का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 30 गेंदों में 35 रन की उपयोगी पारी खेली।

युवराज और शाश्वत के आउट होने के बाद मुकाबले में रोमांच बढ़ गया, लेकिन सिद्धार्थ गुप्ता ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख फिर से हरिद्वार एल्मास के पक्ष में कर दिया। सिद्धार्थ ने महज 8 गेंदों में 1 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 31 रन बनाए और टीम को 8 गेंद शेष रहते 4 विकेट से जीत दिला दी।

टिहरी टाइटंस की ओर से दीपक कुमार, रविंदर नेगी और अनमोल शाह ने 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन वे हरिद्वार एल्मास को लक्ष्य हासिल करने से नहीं रोक सके।

मैच के बाद लगातार जीत और टीम के ड्रेसिंग रूम के माहौल पर कप्तान युवराज चौधरी ने कहा कि टीम और सपोर्ट स्टाफ खिलाड़ियों पर ज्यादा दबाव नहीं डालते। उनका फोकस खिलाड़ियों को अपने खेल पर भरोसा रखने, टीम के लिए खेलने और उस समय टीम की जरूरत के मुताबिक प्रदर्शन करने पर है। उन्होंने कहा कि टीम का माहौल अच्छा है और हर खिलाड़ी मैदान पर अपना योगदान दे रहा है।

शुरुआत में जल्दी विकेट गिरने के दबाव को लेकर युवराज ने कहा कि उन्हें खुद पर भरोसा था। उनके मुताबिक, अगर वह 15-16 ओवर तक क्रीज पर टिके रहे तो टीम के लिए मैच खत्म करने का भरोसा था। उन्होंने शाश्वत डंगवाल के साथ हुई साझेदारी और सिद्धार्थ गुप्ता की अंत में की गई आक्रामक बल्लेबाजी की भी सराहना की। युवराज ने कहा कि टीम का कॉम्बिनेशन अच्छा है और हर खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।

हरिद्वार एल्मास की यह लगातार तीसरी जीत टीम के अभियान के लिए अहम साबित हुई है। टीम ने मुकाबले में पहले गेंदबाजी करते हुए टिहरी को 168 रन पर रोका और फिर कप्तान युवराज चौधरी की 79 रन की पारी तथा सिद्धार्थ गुप्ता की नाबाद 31 रन की तेजतर्रार पारी के दम पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!