57 गेंद, 108 रन और छक्कों की बरसात… दीक्षांशु नेगी के तूफान में उड़ी देहरादून वॉरियर्स

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 में ऋषिकेश रिवर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून वॉरियर्स को 56 रन से हरा दिया। मुकाबले में ऋषिकेश की जीत के हीरो दीक्षांशु नेगी रहे, जिन्होंने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 57 गेंदों में 108 रन की तूफानी पारी खेली। उनके शतक की बदौलत ऋषिकेश ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 185 रन बनाए। जवाब में देहरादून वॉरियर्स की पूरी टीम 19.1 ओवर में 129 रन पर सिमट गई।

देहरादून वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शुरुआत में यह फैसला सही साबित होता दिखाई दिया और ऋषिकेश रिवर किंग्स ने तीसरे ओवर तक अभ्युदय भटनागर और विशाल कश्यप के विकेट गंवा दिए। 10 ओवर के भीतर ऋषिकेश के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे और टीम मुश्किल स्थिति में नजर आ रही थी।

यहीं से दीक्षांशु नेगी ने पारी की दिशा बदल दी। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैदान के चारों ओर शॉट लगाए। दीक्षांशु ने 57 गेंदों पर 12 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 108 रन बनाए। उनका साथ अखिल रावत ने दिया, जिन्होंने 26 गेंदों में 31 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों के योगदान से ऋषिकेश रिवर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 185/5 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

देहरादून वॉरियर्स की ओर से देवेंद्र बोरा सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए।

186 रन के लक्ष्य के सामने लड़खड़ाई देहरादून की पारी

186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून वॉरियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के दौरान ही दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। इसके बाद ऋषिकेश के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल करते रहे।

हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 15 ओवर पूरे होने से पहले देहरादून वॉरियर्स का स्कोर 7 विकेट पर महज 86 रन था। इसके बाद टीम वापसी नहीं कर सकी और 19.1 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई।

ऋषिकेश रिवर किंग्स की ओर से आशीष चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए। उनकी घातक गेंदबाजी ने देहरादून के बल्लेबाजी क्रम को लगातार दबाव में रखा। अंत में ऋषिकेश ने मुकाबला 56 रन से अपने नाम कर लिया।

पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने भी दर्ज की रोमांचक जीत

दिन के पहले मुकाबले में पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने यूएसएन इंडियंस को 4 विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी पिथौरागढ़ की टीम ने कृष्णा गर्ग के तीन विकेटों की मदद से यूएसएन इंडियंस को 18.4 ओवर में 137 रन पर ऑलआउट कर दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पिथौरागढ़ हरिकेन्स की स्थिति एक समय मुश्किल हो गई थी। टीम 14.4 ओवर में 6 विकेट गंवाकर सिर्फ 80 रन बना सकी थी। इसके बाद कप्तान मयंक मिश्रा ने 16 गेंदों में 33 रन की तेज पारी खेली, जबकि यश शुक्ला ने 18 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए।

दोनों बल्लेबाजों ने दबाव के बीच टीम को संभाला और पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने दो गेंद शेष रहते 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!