देहरादून। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग की ओर से हृदय स्वास्थ्य को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय रहते स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं निदेशक प्रोफेसर डॉ. तनुज भाटिया ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से स्वस्थ आदतों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, तनाव को नियंत्रित रखने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हृदय से संबंधित किसी भी लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और आवश्यकता होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कार्डियोलॉजी विभाग के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. साहिल महाजन, डॉ. रिचा शर्मा, डॉ. अनामिका और डॉ. मयंक अग्रवाल ने भी हृदय स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए। विशेषज्ञों ने वजन को संतुलित रखने, संयमित जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और खान-पान पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पोस्टर प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हृदय स्वास्थ्य, हृदय रोगों से बचाव, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में दीक्षा और भावना ने प्रथम स्थान, सौरभ ने द्वितीय स्थान तथा अरचना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में अस्पताल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान हृदय रोगों की रोकथाम के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित आहार, तनाव प्रबंधन और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के समापन पर कार्डियोलॉजी विभाग एवं अस्पताल प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उपस्थित लोगों से स्वयं के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।













Leave a Reply