
हरीश धामी ने राज्यपाल, पुलिस महानिदेशक, आईजी कुमाऊं और एसपी पिथौरागढ़ को भेजे पत्र में कहा है कि उनकी सुरक्षा में तैनात गनर को बिना उनकी सहमति और जानकारी के बदल दिया गया। विधायक ने इस कदम को लेकर गंभीर आशंका जताते हुए कहा कि वह लगातार मुख्यमंत्री और सरकार से जुड़े भ्रष्टाचार के मुद्दों को जनता के सामने उठा रहे हैं। ऐसे में गनर बदलने के फैसले को वह अपनी सुरक्षा से जोड़कर देख रहे हैं।
विधायक ने आशंका जताई है कि नया गनर उनकी गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी सरकार तक पहुंचाने के लिए तैनात किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बदलाव के पीछे उनकी सुरक्षा को खतरे में डालने की मंशा हो सकती है और उचित मौका मिलने पर उनकी हत्या कराने का प्रयास किया जा सकता है।
हरीश धामी ने साफ कहा कि उन्हें नया गनर नहीं चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि नए सुरक्षाकर्मी की तैनाती से उनकी निजता प्रभावित होगी। विधायक ने मांग की है कि उनकी सुरक्षा में पहले तैनात गनर को ही दोबारा लगाया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए मुख्यमंत्री और सरकार जिम्मेदार होंगे।

वहीं, इस मामले में पुलिस का पक्ष जानने के लिए एसपी पिथौरागढ़ अक्षय प्रह्लाद कोंडे और सीओ गोविंद बल्लभ जोशी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गनर का काम सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि यदि विधायक की ओर से कोई पत्र भेजा गया है तो वह अभी उनके पास नहीं पहुंचा है। पत्र प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply